India Vs World XI: साल 2028 में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अपने 100 साल पूरे करने वाला है। दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड इस मौके को यादगार बनाने के लिए India Vs World XI के बीच मैच करवाने की प्लानिंग कर रहा है। हाल ही में मुंबई में हुई मीटिंग में इस पर चर्चा हुई थी। हालांकि, इस मैच के फॉर्मेट पर कोई बात नहीं हुई है।
दिसंबर 2027 से 100वीं वर्षगांठ का सेलिब्रेशन लंबे समय तक चल सकता है। सभी बोर्ड के क्रिकेट कैलेंडर को देखते हुए यह मैच ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड में प्रस्तावित T20 वर्ल्डकप 2028 के बाद हो सकता है। T20 वर्ल्डकप 2028 का आयोजन 21 अक्टूबर से 19 नवंबर तक होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार Annual General Meeting (AGM) में निर्णय लिया गया है कि इस ऐतिहासिक मौके और India Vs World XI के बीच मैच के देखरेख के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। हालांकि, इस बड़े मौके के लिए यह चर्चा केवल अपने शुरूआती चरण पर है।
साल 2028 में भारतीय क्रिकेट टीम टेस्ट क्रिकेट में ज्यादा व्यस्त हो सकती है। यह संभावना है कि भारत इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज अपने घर में होस्ट कर सकता है। इसके अलावा टीम इंडिया साल के अंत में 5 टेस्ट की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौर कर सकता है। इसके बाद साल 2029 में भारतीय टीम के इंग्लैंड दौरे की संभावना है। वहीं, 2031 में ऑस्ट्रेलिया का भारतीय टेस्ट दौरा भी संभावित है।
क्रिकेट इतिहास में पहली बार India World XI के खिलाफ खेल सकती है
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) समय समय पर चैरिटी या कुछ खास मौकों पर World XI के साथ मैचों को आयोजित करती रही है। साल 2005 में पहली बार World XI टीम को चुना गया था। इसके बाद से World XI ने अभी तक 10 मैच खेले है। World XI ने ये मैच ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और एशिया XI के खिलाफ खेले हैं। आखिरी बार World XI का चयन 2018 में हुआ था।
