Aus Vs Ban: ऑस्ट्रेलिया दौरे के पहले ही टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने इतिहास रच दिया है। बांग्लादेश ने पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हरा दिया है। बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया में किसी भी फॉर्मेट में यह पहली जीत है। पहली 2 दशक से भी ज्यादा समय के बाद बांग्लादेश का ऑस्ट्रेलिया दौरा उनके लिए यादगार बन गया। इस तरह एशियाई टीम सीरीज में 1:0 से आगे हो गई है।
पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। ट्रेविस हेड और जेक वेडराल्ड ने पारी की शुरूआत की। ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब नहीं हुई और 198 रन के स्कोर पर टीम ऑलआउट हो गई। स्टीवन स्मिथ ने 71 रन की पारी खेली। वहीं बांग्लादेश की तरफ से हसन महमूद ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट हासिल किये।
बांग्लादेश की तरफ से तंज़िद हसन तमीम और शादमन इस्लाम ने पारी की शुरूआत की। टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पहली पारी में 426 रन का स्कोर खड़ा करते हुए मैच में अपनी पकड़ बनाई। टीम की तरफ से ओपनर तंज़िद ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। इसके अलावा कप्तान नजमल हुसैन शांतों ने 84 और मेहंदी हसन मिराज ने 65 रन की जबरदस्त पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से जॉश हेजलवुड सबसे सफल गेंदबाज़ रहे और उन्होंने 6 सफलताएं हासिल की। पहली पारी में बांग्लादेश ने 228 रन की लीड हासिल की।
ऑस्ट्रेलिया टीम अपनी दूसरी पारी में भी कोई खास कमाल नहीं कर सकी। कंगारू टीम ने अपनी दूसरी पारी में 284 रन बनाए। टीम के टॉप स्कोरर कैमरून ग्रीन रहे। उन्होंने 104 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में विफल रहा। बांग्लादेश की तरफ से मेंहदी हसन मिराज ने 5 विकेट और हसन महमूद ने 3 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को जीत के लिए 57 रन का टारगेट दिया। बांग्लादेश ने 1 विकेट खोकर 57 रन बना लिए और 9 विकेट से मैच जीतकर इतिहास रच दिया। हसन महमूद को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।
