FIFA World Cup 2026 Result (23 June 2026): क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जलवा, कोलंबिया और क्रोएशिया की जीत, घाना ने इंग्लैंड को रोककर जिंदा रखी उम्मीदें
FIFA
FIFA
FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्डकप 2026 के राउंड 2 में आज पुर्तगाल का सामना उज्बेकिस्तान से हुआ। वहीं, कोलंबिया के सामने डीआर कांगों की चुनौती थी। ग्रुप L से इंग्लैंड का मुकाबला घाना से और क्रोएशिया का सामना पनामा से हुआ। क्रोएशिया की जीत और घाना के शानदार प्रदर्शन ने राउंड 3 में होने वाले मैचों को बहुत ही रोचक बना दिया है। पुर्तगाल ने भी नॉकआउट के लिए मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं।
Portugal vs Uzbekistan
पुर्तगाल ने करो या मरो मैच में कोई गलती नही की। मैच शुरू होते ही टीम ने अपने अपोनेंट्स पर लगातार हमले लिए। 3 मिनट में नुनो मेंडेज ने बॉक्स के बाहर से एक बेहतरीन पास क्रिस्टियानो रोनाल्डो की तरफ दिया लेकिन CR7 बॉल को रोकने में नाकाम रहे। 6वें मिनट में जुआओ केंसेलो के राइट से बॉक्स में दिए एक शानदार पास को रोनाल्डो ने किक के जरिए गोल में बदला। इसके बाद 17 वें मिनट में उज़्बेक टीम के द्वारा की गई गलती से पुर्तगाल को बॉक्स के सामने से फ्री-किक मिली। ऐसा लग रहा था कि यह शॉट रोनाल्डो लेंगे लेकिन मेंडेज के बॉक्स के बाहर से जबरदस्त किक लगाकर स्कोर को 2:0 कर दिया। कुछ ही देर बाद 28वें मिनट में उज़्बेक टीम के अजीजजॉन गनिएव ने गोल दागा लेकिन VAR के जरिए यह पता चला कि गोल होने से ठीक पहले उज़्बेक खिलाड़ी अब्बोसबेक फैजुल्लायेव ने जुआओ केंसेलो को गिराया था जिसे रेफरी ने फ़ाउल माना जिस कारण यह गोल रद्द कर दिया गया।
39 वें मिनट में मिडफील्ड से ब्रूनो फ़र्नांडेज ने बेहतरीन मौका बनाया और बॉल लेकर आगे बढ़े। उन्होंने रोनाल्डो को बॉक्स में पास दिया जिसे CR7 ने आसानी से गोल में तब्दील कर दिया। 41वें मिनट में जुआओ फेलिक्स गोल करने का अच्छा मौका मिला लेकिन वो ऐसा नहीं कर पाए। पहले हाफ के खत्म होने के कुछ देर पहले राइट साइड से केंसेलो ने रोनाल्डो को बॉल पास की। रोनाल्डो के इस प्रयास पर उज़्बेक खिलाड़ी ने पानी फेर दिया। हाफ टाइम के बाद अब्बोसबेक फैजुल्लायेव ने बॉक्स के अंदर से किक मारी लेकिन पुर्तगाली गोलकीपर ने इसे रोक लिया। 59वें मिनट में राइट कॉर्नर से आए शॉट को उज़्बेक खिलाड़ी सही से क्लीयर नहीं कर सके और अंत में गलती से खुद ही गोल कर बैठे। 87वें मिनट में रोनाल्डो ने बॉल को बॉक्स में पहुचाया जिसे खुशनोव ने रोकने की कोशिश की लेकिन राफेल लेआओ ने बॉल पर कंट्रोल किया और टीम का 5वां गोल दागा। फुल टाइम तक स्कोर यही रहा और पुर्तगाल ने 5:0 से उज्बेकिस्तान को हरा दिया।
England vs Ghana
इंग्लैंड और घाना के बीच हुआ मुकाबला डिफ़ेस और अटैक का अद्भुत मिश्रण था। जहां इंग्लिश टीम लगातार अटैक कर रही थी वहीं घाना अपने डिफेंस से उनकी सारी कोशिशों को नाकाम करता रहा। मैच शुरू होने के 11वें मिनट में ही नोनी मेड्यूके ने राइट साइड से बॉल को रीस जेम्स की ओर पास किया। जेम्स ने बॉल आगे पास करना चाहा लेकिन घाना ने बॉल क्लियर करके इस मौके को वहीं खत्म कर दिया। इसी तरह 13 वें मिनट में भी इंग्लैंड को फ्री किक मिली लेकिन बॉल गोलपोस्ट के ऊपर से निकाल गई। 36 वें मिनट में भी गोल का प्रयास तब विफल हो गया जब जेम्स ने हेडर मारा और बॉल गोल पोस्ट के ऊपर से निकाल गई। 48वें मिनट में बॉक्स के अंदर पास मिला लेकिन वो घाना के डिफेंस के सामने गोल नहीं कर सके। इसके लगभग एक मिनट के बाद घाना के मार्विन सेनाया ने मौका बनाया लेकिन वो बॉक्स के अंदर बॉल पर कंट्रोल नहीं रख सके। इस तरह हाफ टाइम तक स्कोर 0:0 ही रहा
हाफ टाइम के बाद इंग्लिश टीम ने 56 वें मिनट में जबरदस्त खेल दिखाया लेकिन घाना किसी तरह गोल बचाने में कामयाब रही थी। 66वें मिनट में घाना ने गोल का मौका बनाना चाहा लेकिन गोलकीपर ने बॉक्स के बाहर निकलकर इस मौके को विफल कर दिया। 68 मिनट में हैरी केन ने बॉक्स के बाहर से किक लगाई यह सीधा घाना के गोलकीपर के हाथों में समा गई। 78वें मिनट में घाना ने प्रिंस आड़ू बॉक्स के अंदर गोल कीपर को छकाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान इंग्लिश प्लेयर ने उन्हें गिराया लेकिन उन्होंने किसी तरह बॉल को गोलपोस्ट की तरफ धकेला लेकिन अंटोनी समेन्यो बॉल के सामने आ गए और यह अवसर बेकार चला गया। 85 वें मिनट में बुकायो साका ने बॉक्स से निकलकर शानदार किक लगाई लेकिन विपक्षी गोलकीपर ने शानदार बचाव किया। 86वें मिनट में निको ओ'रायली का हेडर शॉट गोलपोस्ट से टकरा गया, बॉल पर हैरी केन ने किक लगाई लेकिन वो यह गोल्डन चांस मिस कर गए और बॉल गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गई। इसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में इंग्लैंड को कॉर्नर मिला लेकिन घाना के डिफेंस के आगे गोल नहीं हो सका, इस तरह यह मैच 0:0 पर समाप्त हुआ।
Croatia Vs Panama
पनामा ने इस मैच की शुरुआत से ही क्रोएशिया के मुकाबले ज्यादा आक्रामकता दिखाई। 15 वें मिनट में पनामा ने राइटसाइड से एक चांस बनाया लेकिन बॉक्स के अंदर कोई भी बॉल को नहीं रोक पाया। 21वें मिनट में फिर से एक बार फिर से राइटसाइड से आमिर मुरीलो ने बॉल को जॉस रोड्रिगेज की तरफ पास किया जिसे उन्होंने हेडर से गोलपोस्ट की तरफ धकेला लेकिन गोलकीपर डॉमिनिक लियाकोविक ने शानदार बचाव किया। पनामा ने लगातार कई हमले किए लेकिन वो गोल करने में सफल नहीं हुए। हाफटाइम के एक्स्ट्रा टाइम में क्रोएशिया के मार्टिन बतूरीना ने बॉक्स के बाहर शानदार किक लगाई लेकिन गोलकीपर ऑरलैंडो मॉस्केरा ने दाई तरफ डाइव मारकर इसे विफल किया। इस तरह हाफ टाइम तक दोनों टीमे 0:0 पर रही।
हाफ टाइम के बाद क्रोएशिया ने जबरदस्त शुरुआत की और 53 वें मिनट में जोसिप स्तानिसिच के राइट साइड से मिले पास को आंते बुडिमीर ने गोल में बदलकर टीम को 1:0 से आगे कर दिया। 56 वें मिनट में क्रोएशिया के पास गोल करने का एक और सुनहरा मौका था जब मार्को पसालिक अकेले ही बॉल लेकर बॉक्स में आ गए लेकिन मॉस्केरा उनके सामने डटे रहे और उन्होंने गोल का शानदार बचाव किया। 67 वें मिनट में पनामा के आमिर मुरीलो ने दो बार बॉक्स के अंदर से शॉट मारे लेकिन क्रोएशिया के गोलकीपर ने दोनों बार शानदार बचाव किया। इसके बाद दोनों टीम्स ने कई बार गोल करने का प्रयास किया लेकिन कोई भी कामयाब नहीं हुआ। फुलटाइम तक स्कोर 1:0 रहा और क्रोएशिया ने शानदार जीत दर्ज की।
Colombia vs. DR Congo
कोलंबिया ने मैच शुरू होते ही कांगो पर हमले तेज कर दिए। मैच के 3 मिनट में ही कोलंबिया ने गोल करने का जबरदस्त चांस बनाया लेकिन बॉल गोलपोस्ट के साइड से चली गई। 6वें मिनट में कोलंबिया ने गोल जरूर किया लेकिन रेफरी ने इसे ऑफसाइड करार कर दिया। इसी तरह कोलंबिया ने गोल करने के कई और मौके बनाए लेकिन कांगो के गोलकीपर ने शानदार प्रदर्शन किया जिसके कारण हाफ टाइम तक स्कोर 0:0 ही रहा।
हाफ टाइम के बाद कोलंबिया और कांगो ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा। दोनों तरफ से लगातार मौके बन रहे थे लेकिन गोल करने में किसी को सफलता नहीं मिल रही थी। 75 वें मिनट में कोलंबिया के डेनियल मुनोज ने जुआन कॉन्टेरो के पास को गोल में बदलकर अपनी टीम को 1:0 से आगे कर दिया। इसके बाद 79 वें मिनट में कोलंबिया के लुईस डियाज़ के गोल को ऑफसाइड होने के कारण अमान्य कर दिया गया। फुलटाइम तक स्कोर 1:0 रहा और इस तरह कोलंबिया ने जीत दर्ज की।