FIFA World Cup 2026 Result (23 june 2026): लियोनेल मेसी ने रचा नया इतिहास, अर्जेंटीना, फ्रांस और नार्वे नॉकआउट में, अल्जीरिया की उम्मीदें बरकरार

23 Jun ,2026 IST: 20:25:20
https://sportsvarta.com/uploads/newspost/news_1782226550.webp

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्डकप 2026 में आज हुए मुकाबले बहुत ही शानदार रहे। ग्रुप J में अर्जेंटीना का मुकाबला ऑस्ट्रिया से हुआ। वहीं इसी ग्रुप के जॉर्डन और अल्जीरिया में भिड़ंत हुई। ग्रुप I में फ्रांस के सामने इराक और नार्वे के सामने सेनेगल थी। पूरी दुनिया के चहेते लियोनल मेसी ने एक और रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया। अर्जेंटीना के अलावा फ्रांस और नार्वे ने भी नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, अल्जीरिया ने अगले चरण में पहुंचने के लिए अपनी उम्मीदों को जीवित रखा।

Argentina vs Austria

राउंड 2 में अर्जेंटीना का मुकाबला ऑस्ट्रिया से हुआ। मैच की शुरूआत जबरदस्त रही और अर्जेंटीना को 7 वें मिनट में ही पेनाल्टी मिली लेकिन लियोनल मेसी इसे गोल में तब्दील करने से चूक गए। इसके बाद ऑस्ट्रिया ने अर्जेंटीना पर दबाव बनाए रखा और ज्यादातर गेंद को अपने पास बनाए रखा। 38वें मिनट में मेसी ने अपने विरोधी टीम के डिफेंस को तोड़ते हुए गोल दाग दिया। इसके साथ ही वो वर्ल्डकप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इसके साथ ही वो लगातार 6 वर्ल्डकप मैच में गोल करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

हाफ टाइम तक दोनों टीमें गोल करने के प्रयास करती रही लेकिन स्कोर 1:0 ही रहा। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने कुछ बदलाव किए। इस दौरान कुछ बेहतरीन मौके बनते हुए दिखे लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। 90 मिनट पूरे होने के बाद दोनों ही टीम को इंजरी टाइम मिला। मेसी ने इस समय का पूरा फायदा उठाया और 90+5वें मिनट में एक और गोल दागकर अपनी टीम का स्कोर 2:0 कर दिया और जीत दर्ज की।

Winner: Argentina

France vs Iraq

फ्रांस और इराक के बीच हुआ यह मुकाबला फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे के लिए खास था। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 100 वां मैच था। फ्रांस वर्ल्डकप में बहुत आक्रामक खेल दिखा रही है। मैच की शुरुआत के 14वें मिनट में ही ऑलिसे से मिले पास को फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने गोल में तब्दील कर टीम को 1:0 से आगे कर दिया। इसके बाद इराक ने गोल करने के काफी प्रयास किए लेकिन ऐसा नहीं हुआ और हाफ टाइम तक स्कोर 1:0 रहा।

हाफ टाइम के बाद खराब मौसम के कारण खेल थोड़ी देर तक रूका रहा। मैच दोबारा शुरू होने कुछ मिनट बाद ही 54 वें मिनट में इराक की गलती का पूरा फायदा फ़्रांस ने उठाया। इराक के डिफेंडर जैद तहसीन के गलत पास को उस्मान डेम्बेले ने रोका और एम्बाप्पे को पास किया जिसे फ्रांसीसी कप्तान ने गोल में बदला। स्कोर अब 2:0 था। 66 वें मिनट में डेम्बेले ने बॉक्स के अंदर ऑलिसे के पास को गोल में बदला और टीम को 3:0 से आगे कर दिया। खेल में अब औपचारिकता ही रह गई थी। फुलटाइम तक स्कोर 3:0 ही रहा और फ्रांस ने अपना दूसरा मुकाबला भी जीत लिया।

Winner: France

Norway vs Senegal

नार्वे ने मैच के मैच शुरू होते ही गोल करने के प्रयास किए लेकिन उन्हें भाग्य का साथ नही मिला। नार्वे टीम के कप्तान मार्टिन ओडगार्ड के पास 14 वें मिनट में पास अच्छा मौका था लेकिन बॉल गोल पोस्ट के ऊपर से निकल गई। ऐसा ही एक और मौका 37वें मिनट में बना जब एर्लिंग हॉलैंड ने हेडर के जरिए बॉल को बॉक्स के अंदर कप्तान मार्टिन के पास भेजा लेकिन सेनेगल के  गोलकीपर ऐडर्ड मेंडी ने शानदार बचाव किया। हाफ टाइम से ठीक पहले 43वें मिनट में सेनेगल के कप्तान कलिडो कॉलिबेली से बड़ी गलती हुई और वो बॉक्स के अंदर बॉल को क्लीयर नहीं कर पाए। इसका फायदा मार्कस पेडर्सन ने उठाया और पहला गोल कर दिया। हाफ टाइम तक स्कोर 1:0 रहा। 

हाफ टाइम के बाद दोनों टीमें और भी आक्रामक हो गई। 48 वें मिनट में एर्लिंग हॉलैंड ने एक और गोल करके टीम को 2:0 से आगे कर दिया। हालांकि, सेनेगल ने भी जवाबी हमला करते हुए 53वें मिनट में इस्माइला सार के बेहतरीन गोल से स्कोर के अंतर को 2:1 कर दिया। इसके बाद नार्वे ने 62 वें मिनट में मिडफ़ील्ड से बने एक प्रयास को गोल में बदलकर स्कोर को 3:1 कर दिया । इसके बाद दोनों टीमें गोल का प्रयास करती रही लेकिन कोई भी कामयाब नहीं हुआ। हालांकि, फुलटाइम के बाद मिले इंजरी टाइम (90+3 मिनट) में सार ने अपना और टीम का दूसरा गोल किया जो कि केवल हार के अंतर को कम कर सका। इस तरह नार्वे ने यह मैच 3:2 से जीता।

Winner: Norway

Jordan vs Algeria:

जॉर्डन और अल्जीरिया के बीच खेला गया यह मुकबला बहुत ही रोमांचक रहा जहां मैच के लगभग 70% समय तक जॉर्डन आगे रहा लेकिन अल्जीरिया ने जबरदस्त वापसी करते हुए न सिर्फ मैच जीता बल्कि वर्ल्डकप में अपनी उम्मीदों को भी कायम रखा। मैच के 36 वें मिनट में जॉर्डन की तरफ से निज़र अल राशदान ने गोल कर टीम को 1:0 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक स्कोर में कोई भी बदलाव नहीं हुआ। 

हाफ टाइम के बाद अल्जीरिया काफी आक्रामक खेल दिखा रही थी। 69 वें मिनट में रियाद महरेज ने कॉर्नर से शॉट खेला जिसे नाधिर बेनबूली ने हेडर के जरिए गोल पोस्ट के अंदर भेजा और अपनी टीम को 1:1 से बराबरी पर लाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद 82 वें मिनट में अल्जीरिया के अनीस हज़ मूसा ने कॉर्नर लिया। उन्होंने बॉल को बॉक्स के अंदर पहुचाया लेकिन जॉर्डन के खिलाड़ी बॉल को बॉक्स से बाहर निकालने में सफल नहीं हुए जिसका फायदा अमीन गुइरी  ने उठाया और गोल करके टीम के स्कोर को 2:1 कर दिया। फुलटाइम तक स्कोर 2:1 रहा और अल्जीरिया ने यह मैच जीत लिया। 

Winner: Algeria

FootBall की ताज़ा खबरों के लिए हमे WWW.sportsvarta.com पर फॉलो कीजिए।
Team -
Player -
AD

Posted by

ADMIN

Share On :